उत्तराखंड में मानसून का कहर। चमोली: उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से नदियां और नाले विकराल रूप धारण कर चुके हैं। सोमवार को चमोली जिले की नीति घाटी में भारी बारिश के बाद तमक नाला अचानक उफान पर आ गया, जिसके तेज बहाव में तमक के पास बना वैली ब्रिज बह गया। पुल के बह जाने से सीमांत क्षेत्र का जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह कट गया है।
ऊपरी क्षेत्रों में बादल फटने जैसे हालात, सेब के बगीचों को भारी नुकसान
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा और संभवतः बादल फटने जैसी घटना के कारण पहाड़ों से भारी मात्रा में पानी और मलबा नीचे आया। मलबे और पानी के भयंकर बहाव ने देखते ही देखते वैली ब्रिज को तिनके की तरह बहा दिया।
इस आपदा से नीति घाटी के कई गांवों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है। स्थानीय बागवानों पर भी इस बारिश ने दोहरी मार मारी है; मलबे की चपेट में आने से कई किसानों के सेब के बगीचे पूरी तरह तबाह हो गए हैं, जिससे क्षेत्र के बागवानों में भारी चिंता व्याप्त है।
BRO का हवलदार लापता, कई वाहन भी बहे
चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने स्थिति की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना में अब तक एक वैली ब्रिज, एक हल्की गाड़ी, एक ट्रक और बीआरओ (BRO) के हवलदार रैंक के एक कर्मचारी के बहने की सूचना मिली है। प्रशासन की टीम घटनास्थल के आसपास राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि पूरी घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़े: उत्तराखंड के उत्तरकाशी और टिहरी में देर रात भूकंप के झटके, लोगों में दहशत, किसी नुकसान की खबर नहीं
प्रदेश में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग ने सोमवार को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं दूसरी ओर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर समेत अन्य जिलों में तेज गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने और भारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रशासन की अपील: सतर्क रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें
आपदा प्रबंधन और मौसम विभाग ने आम लोगों से अनावश्यक यात्राओं से बचने, नदी-नालों के पास न जाने और संवेदनशील/भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। आपदा की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन और राहत दल पूरी तरह अलर्ट पर हैं।


