रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में स्थित द्वितीय केदार भगवान श्री मद्महेश्वर मंदिर के कपाट सोमवार को पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस पावन अवसर पर धाम में बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय हक-हकूकधारियों की उपस्थिति में विशेष धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए। भगवान मद्महेश्वर के जयकारों से गूंजती वादियों के बीच कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की मद्महेश्वर धाम यात्रा का भी विधिवत समापन हो गया।
कपाट बंद होने की प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात, भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास स्थल के लिए रवाना हो गई।
यह भी पढ़े: मां धारी देवी मंदिर के पास बनेगी आधुनिक दो मंजिला पार्किंग, जाम से मिलेगी मुक्ति
उत्सव डोली का यात्रा कार्यक्रम:
- 16 नवम्बर: भगवान की उत्सव डोली मद्महेश्वर धाम से प्रस्थान कर गौण्डार गांव पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।
- 17 नवम्बर: डोली गौण्डार से प्रस्थान कर राकेश्वरी मंदिर रांसी पहुंचेगी।
- 18 नवम्बर: रांसी से प्रस्थान कर डोली गिरिया गांव में रात्रि प्रवास करेगी।
- 19 नवम्बर: उत्सव डोली गिरिया गांव से चलकर अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी।
श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचने पर धार्मिक परम्पराओं के अनुसार उत्सव डोली का भव्य स्वागत और विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद पूरे शीतकाल के दौरान भगवान मद्महेश्वर की नियमित पूजा-अर्चना ऊखीमठ में ही सम्पन्न होगी, जहां श्रद्धालु पहुंचकर भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर सकेंगे।




