देहरादून: राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) की 98वीं बैठक आज सचिवालय में मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, ऋण जमा अनुपात (सीडी रेशियो) में सुधार, रोजगार सृजन और साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
साइबर अपराधों पर लगाम और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन
साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्य सचिव ने प्रदेश के प्रमुख बैंकों को अगले 15 दिनों के भीतर ‘1930 साइबर हेल्पलाइन केंद्र’ और ‘स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (S4C)’ में अपने प्रतिनिधि तैनात करने के निर्देश दिए हैं। अन्य बैंकों को भी समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नामित करने को कहा गया है। साथ ही, साइबर अपराधों को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कम सीडी रेशियो वाले जिलों के लिए बनेगी विशेष कार्ययोजना
राज्य के ऋण जमा अनुपात (सीडी रेशियो) को बेहतर बनाने पर जोर देते हुए मुख्य सचिव ने सबसे कम सीडी रेशियो वाले 4 से 5 जिलों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने को कहा है। अगली एसएलबीसी बैठक में उत्तराखण्ड और अन्य हिमालयी राज्यों के सीडी रेशियो का तुलनात्मक चार्ट भी प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा, अगली बैठक से समीक्षा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से रियल-टाइम की जाएगी।
जनवरी के पहले सप्ताह तक पूरे हों सरकारी योजनाओं के लक्ष्य
आगामी आदर्श आचार संहिता की संभावना को देखते हुए मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि राज्य और केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित रोजगारपरक ऋण योजनाओं के लक्ष्यों को जनवरी माह के प्रथम सप्ताह तक पूरा कर लिया जाए। उन्होंने लंबित ऋण आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के साथ-साथ पिछले पांच वर्षों के शिक्षा ऋण आवेदनों का विस्तृत विश्लेषण करने को कहा, ताकि छात्रों के लिए ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल बनाया जा सके।
ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत होगा ‘बैंक मित्र’ नेटवर्क
दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने के लिए बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट (बैंक मित्र) व्यवस्था और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) को मजबूत किया जाएगा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के सक्रिय स्वयं सहायता समूहों (SHG) को प्रशिक्षण देकर बैंक मित्र के रूप में जोड़ा जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार भी बढ़ेगा। इसके अतिरिक्त, जनधन, जीवन ज्योति बीमा, सुरक्षा बीमा और अटल पेंशन योजना के शत-प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करने के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्री आर. के. सुधांशु, डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव श्री दिलीप जावलकर, श्री श्रीधर बाबू अद्दांकी, आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक श्री हर्ष कुमार गौतम, नाबार्ड के महाप्रबंधक श्री शशि कुमार, इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ऑफ उत्तराखण्ड के अध्यक्ष श्री पंकज गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित थे।




