उत्तराखंड में बड़ा हादसा: श्री बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुआ ट्रांस भारत एविएशन का एक सिविल हेलीकॉप्टर शुक्रवार को ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) क्षेत्र में भीषण हादसे का शिकार हो गया। हाथी पहाड़ के ऊपर चांई गांव और लामबगड़ के बीच घने जंगलों में हुए इस क्रैश में हेलीकॉप्टर में सवार कैप्टन सहित सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी यात्री कर्नाटक के रहने वाले थे और बदरीनाथ दर्शन के बाद सीमांत गांव माणा घूमकर वापस लौट रहे थे।
उड़ान भरने के 15 मिनट बाद टूटा संपर्क
मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रांस भारत कंपनी के हेलीकॉप्टर ने शुक्रवार दोपहर 1 बजकर 12 मिनट पर बदरीनाथ स्थित राज्य सरकार के हेलीपैड से सहस्त्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद ही हेलीकॉप्टर का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और रेडियो ट्रांसमिशन (RT) से संपर्क टूट गया। इसके कुछ ही देर बाद चांई गांव और लामबगड़ के बीच जंगल में इसके दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली।
रेस्क्यू टीमों ने शुरू किया अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमें तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। अत्यधिक दुर्गम और जंगली इलाका होने के कारण बचाव कर्मियों को भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और शवों को घने जंगल से मुख्य सड़क मार्ग तक लाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है।
हादसे में जान गंवाने वालों का विवरण:
पायलट:
- कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48 वर्ष), निवासी दिल्ली
यात्री (सभी कर्नाटक निवासी):
- एच.एस. नटराजा (51 वर्ष)
- सुधीर के. (50 वर्ष)
- अरुण सालुंके (44 वर्ष)
- प्रतापा (41 वर्ष)
- वी.बी. शंकर गौड़ा (39 वर्ष)
प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और आगे की विधिक कार्रवाई के साथ-साथ हादसे के कारणों की जांच की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।




