उत्तरकाशी (गंगोत्री धाम): विश्व प्रसिद्ध श्री गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट एवं गोवर्धन पर्व के पावन अवसर पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। अभिजीत मुहूर्त में ठीक दोपहर 12:05 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मां गंगा के कपाट अगले छह माह के लिए श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ बंद किए गए।
कपाट बंद होने के पश्चात मां गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा (मुखीमठ) के लिए रवाना हुई। इस दौरान धाम परिसर में लोक संस्कृति की मनमोहक छटा देखने को मिली। देव डोली, पारंपरिक ढोल-दमाऊ की गूंज और सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालुओं ने मां गंगा को भावभीनी विदाई दी।
यात्रा का कार्यक्रम और रात्रि विश्राम
मां गंगा की उत्सव डोली आज लगभग 19 किलोमीटर की पैदल यात्रा तय करेगी। यात्रा के पहले दिन डोली भैरव मंदिर होते हुए मार्कण्डेय पुरी स्थित देवी मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद बुधवार, 11 नवंबर को डोली अपने अंतिम गंतव्य मुखबा गांव के लिए प्रस्थान करेगी। शीतकाल के अगले छह महीनों तक श्रद्धालु मुखबा में ही मां गंगा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
सुबह से ही शुरू हो गई थीं तैयारियां
कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया और तैयारियां मंगलवार प्रातःकाल से ही पूरे विधि-विधान के साथ शुरू हो गई थीं। मंदिर समिति और तीर्थ पुरोहितों द्वारा निर्धारित मुहूर्त में विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए, जिसके बाद विधिपूर्वक धाम के कपाट बंद कर दिए गए।




