उत्तराखंड ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में राज्य में 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की।
ड्राफ्ट मतदाता सूची का लेखा-जोखा
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि जारी की गई ड्राफ्ट मतदाता सूची में राज्य के कुल 72,78,035 मतदाता शामिल हैं। इनमें 37,93,373 पुरुष, 34,84,447 महिला और 215 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश में 86,028 सर्विस मतदाता भी पंजीकृत हैं, जिनमें 83,352 पुरुष और 2,676 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं, मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद अब राज्य में कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 12,498 हो गई है। इससे पूर्व 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 71,58,949 मतदाता थे, जबकि 4 से 31 अक्टूबर तक चले विशेष अभियान के दौरान 1,25,216 नए नाम जोड़े गए और फॉर्म-7 के तहत 6,130 नामों का निस्तारण किया गया।
Table of Contents
अभियान की महत्वपूर्ण तिथियां
- दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने की अवधि: 12 नवंबर 2026 से 11 दिसंबर 2026 तक
- दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई: 28 दिसंबर 2026 तक
- मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन: 4 जनवरी 2027
यह भी पढ़े: उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 24 PCS अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के डिप्टी कलेक्टर बदले
युवाओं के पास नाम जुड़वाने का सुनहरा मौका
जो युवा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, या जो नागरिक किन्हीं कारणों से अब तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा पाए हैं, वे 11 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता अपने बीएलओ (BLO) के माध्यम से ऑफलाइन या ‘ईसीआई नेट ऐप’ (ECI Net App) के जरिए ऑनलाइन ‘फॉर्म-6’ भर सकते हैं।
कहां और कैसे देखें अपना नाम?
- ऑनलाइन माध्यम: नागरिक भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट (voter.eci.gov.in) या राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की वेबसाइट (ceo.uk.gov.in) पर जाकर सूची में अपना नाम जांच सकते हैं।
- ऑफलाइन माध्यम: डीईओ (DEO), ईआरओ (ERO) कार्यालय और अपने क्षेत्र के बीएलओ के पास भी सूची उपलब्ध है। इसके अलावा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूची की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध करा दी गई है और जनपद स्तर पर हार्ड कॉपी भी दी जा रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी मौजूद रहे।




