श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल): उत्तराखण्ड के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को विस्तार देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। पौड़ी गढ़वाल जनपद स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां धारी देवी मंदिर के समीप अब एक आधुनिक दो मंजिला पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अंतर्गत प्रस्तावित इस योजना के धरातल पर उतरने से चारधाम यात्रा और विशेष पर्वों के दौरान मंदिर क्षेत्र में लगने वाले भीषण जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
भूमि का चयन और जीआईएस सर्वेक्षण पूरा
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में इस परियोजना से जुड़ी प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के अनुसार, पार्किंग निर्माण के लिए तहसील श्रीनगर के ग्राम कलियासौड़ में कुल 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईं ओर, श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के समीप स्थित यह स्थान मंदिर के बेहद करीब है। जीआईएस (GIS) के माध्यम से हुए भू-सर्वेक्षण में भी इस भूमि को पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है।
100 वाहनों के खड़े होने की होगी क्षमता
प्रस्तावित योजना के तहत लगभग 20 मीटर × 70 मीटर के क्षेत्रफल में दो मंजिला पार्किंग विकसित की जाएगी। इसमें करीब 100 ईसीएस (इक्विवेलेंट कार स्पेस) की क्षमता होगी, जिससे एक साथ बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन व्यवस्थित रूप से पार्क किए जा सकेंगे। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे होने वाली अनियोजित पार्किंग पर लगाम लगेगी और यातायात सुगम बना रहेगा।
कार्यदायी संस्था के चयन और एनओसी की प्रक्रिया तेज
परियोजना को जल्द शुरू करने के लिए जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी द्वारा कार्यदायी संस्था नामित करने हेतु सचिव आवास को पत्र भेजा जा चुका है। संस्था के चयन के बाद स्थल का आर्किटेक्चरल और स्ट्रक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य में सुरक्षा और तकनीकी मानकों का पूरा ध्यान रखा जा सके।
चूंकि अभिलेखों में यह भूमि श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है और इसका प्रबंधन वर्तमान में अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है, इसलिए कंपनी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेने की प्रक्रिया चल रही है। एनओसी मिलते ही भूमि प्राधिकरण के पक्ष में हस्तांतरित कर दी जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ हो सकेगा।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मां धारी देवी मंदिर में वर्षभर देश-विदेश से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। चारधाम यात्रा के सीजन में यहां वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ जाता है। राज्य सरकार की इस पहल से न केवल श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगी, बल्कि क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।




