ऋषिकेश/टिहरी: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही विश्वनाथ सेवा की एक यात्री बस गूलरबाजार के समीप अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई (गधेरे) में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में 8 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 19 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सुबह 3:30 बजे हरिद्वार से हुई थी रवाना
मिली जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की यह बस आज तड़के सुबह 3:30 बजे हरिद्वार से कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। गूलरबाजार के पास पहुंचते ही बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल से सीधे नीचे गधेरे में जा गिरी। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
7 ने मौके पर और 1 ने रास्ते में तोड़ा दम
दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 7 यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल यात्री ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़े: शीतकाल के लिए बंद हुए द्वितीय केदार श्री मद्महेश्वर धाम के कपाट, ऊखीमठ के लिए रवाना हुई उत्सव डोली
SDRF और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें स्थानीय पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। दुर्गम खाई में उतरकर जवानों ने युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीमों ने अब तक 19 घायल यात्रियों को सुरक्षित खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए एम्स (AIIMS) ऋषिकेश में भर्ती कराया है। खाई में फंसे अन्य संभावित यात्रियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।




