देहरादून: उत्तराखंड के उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल जिलों में देर रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिएक्टर स्केल पर उत्तरकाशी में भूकंप की तीव्रता 4.2 और टिहरी गढ़वाल में 2.0 दर्ज की गई है। रात के सन्नाटे में अचानक आए इन झटकों से स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और डर के मारे लोग तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए।
उत्तरकाशी में राजगढ़ी के पास था भूकंप का केंद्र
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, रात करीब 1:21 बजे उत्तरकाशी की यमुना और गंगा घाटी समेत कई इलाकों में भूकंप का तेज झटका लगा। झटके इतने जोरदार थे कि नींद में सो रहे लोग भी घबराकर खुली जगह की ओर भागे। कई लोगों ने अपने सगे-संबंधियों और जान-पहचान वालों को फोन करके एक-दूसरे का हाल-चाल लिया।
भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिले की बडकोट तहसील मुख्यालय के समीप स्थित राजगढ़ी क्षेत्र में था, जिसकी गहराई जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई है।
टिहरी में तड़के आए हल्के झटके
उत्तरकाशी के अलावा पड़ोसी जिले टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर और घनसाली क्षेत्रों में भी भूकंप दर्ज किया गया। सोमवार तड़के आए इस भूकंप की तीव्रता रिएक्टर स्केल पर 2.0 रही। कम तीव्रता और जमीन के भीतर महज 5 किलोमीटर की गहराई होने के कारण यह एक हल्का झटका था, जिससे किसी प्रकार की घबराहट की स्थिति तो नहीं बनी, लेकिन लोग सतर्क जरूर नजर आए।
प्रशासन की राहत: कोई नुकसान नहीं
भूकंप के लिहाज से उत्तराखंड अति संवेदनशील जोन में आता है। हालांकि, राहत की बात यह है कि दोनों ही जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों और आपदा प्रबंधन टीम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस दौरान किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।


