महज 13 महीने पहले हुई थी शादी, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने भरा पंचनामा; जांच शुरू
कौसानी/गरुड़ (बागेश्वर)। कौसानी थाना क्षेत्र के भोजगढ़ गांव में एक 21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका रूपा सजवान का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार/मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
मां के पहुंचने से पहले ही फंदे से उतारा शव
जानकारी के अनुसार, सलखन्यारी निवासी रूपा का विवाह मई 2025 में भोजगढ़ निवासी अमित सिंह सजवान के साथ हुआ था। मंगलवार दोपहर ससुराल वालों ने रूपा की मौत की खबर उसके मायके पक्ष को दी।
बेटी की मौत की मनहूस खबर सुनकर मृतका की मां गीता देवी और अन्य परिजन आनन-फानन में भोजगढ़ पहुंचे। मायके वालों का कहना है कि उनके पहुंचने से पहले ही ससुराल वालों ने रूपा के शव को फंदे से नीचे उतार लिया था, जिससे मामला और भी संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, पिता लौट रहे घर
रूपा अपनी चार बहनों में सबसे बड़ी थी और उसने इंटरमीडिएट तक की शिक्षा प्राप्त की थी। बताया जा रहा है कि मृतका का पति अमित सिंह सजवान भी घटना से महज तीन-चार दिन पहले ही मुंबई से वापस घर लौटा था। घटना के बाद से पति और ससुराल पक्ष के लोग सदमे में बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़े: पहाड़ी अम्मा के किरदार में वायरल हो रहा अल्मोड़ा का ये लड़का, मां के साथ मिलकर जीत रहा लोगों का दिल
वहीं, मृतका के पिता भुवन सिंह मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं। अपनी बड़ी बेटी की असमय और संदिग्ध मौत की सूचना मिलने के बाद वह भी घर के लिए रवाना हो चुके हैं।
पुलिस और प्रशासन का बयान
पुलिस इस मामले में पूरी सतर्कता बरत रही है। बागेश्वर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अजय साह ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया:
“मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नियमों के तहत मजिस्ट्रेट की देखरेख में पंचनामा भरा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। अभी तक इस मामले में मृतका के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।”
फिलहाल पुलिस और प्रशासन को मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उसके पिता के घर पहुंचने का इंतजार है। यदि मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर दी जाती है, तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।
