देहरादून: उत्तराखंड में मानसून के कड़े तेवर लगातार जारी हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल (NDMA) द्वारा जारी ताज़ा चेतावनी के बाद, देहरादून जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर एक अहम फैसला लिया है। मौसम विभाग की ओर से जारी ‘ऑरेंज अलर्ट’ के दृष्टिगत, कल शनिवार, 18 जुलाई 2026 को जनपद देहरादून के कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, गैर-शासकीय, निजी स्कूलों और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है।
जिलाधिकारी और अध्यक्ष जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अगले 24 घंटों में देहरादून जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने और आकाशीय बिजली चमकने की प्रबल संभावना है। बारिश के अति तीव्र दौर को देखते हुए, किसी भी अप्रिय घटना से बचने और आपदा न्यूनीकरण के लिए यह अवकाश घोषित किया गया है।
यह भी पढ़े: Uttarakhand Weather Alert: अगले 4 दिन भारी बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने स्तर से सभी शैक्षणिक संस्थाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करवाएं। प्रशासन ने सभी अभिभावकों से भी अपील की है कि वे मौसम के मिजाज को देखते हुए सतर्कता बरतें और बच्चों को सुरक्षित रखें।



