उत्तराखंड जनगणना-2027: उत्तराखंड में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी ‘जनसंख्या गणना’ की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य में यह कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। इसके पश्चात 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण दौर चलेगा, जबकि जनगणना के लिए संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027 की मध्यरात्रि निर्धारित की गई है।
जनगणना कार्य निदेशालय, गृह मंत्रालय द्वारा आयोजित एक प्रेस वार्ता में सचिव जनगणना दीपक कुमार और निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रगणकों के घर पहुंचने से पहले ही नागरिक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके तहत लोग आधिकारिक पोर्टल www.se.census.gov.in पर स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे।
व्यापक तैयारियां और प्रशिक्षण
प्रदेश में जनसंख्या गणना को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कुल 34,443 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं, जिन पर 26,830 प्रगणकों और 4,676 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। इस कार्य के लिए 23 मास्टर ट्रेनर और 570 फील्ड ट्रेनरों के माध्यम से 712 प्रशिक्षण बैच आयोजित कर अब तक 29,515 प्रगणकों एवं 5,223 पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
40 बिंदुओं पर जुटाई जाएगी जानकारी
गणना के दौरान प्रगणक घर-घर जाकर परिवार के प्रत्येक सदस्य से जुड़े कुल 40 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र करेंगे। इनमें नाम, मुखिया से संबंध, लिंग, आयु, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, मातृभाषा, शैक्षिक स्तर, व्यवसाय और प्रवास के कारण जैसे विवरण शामिल हैं। इसके अलावा बैंक खातों की संख्या और मोबाइल, आधार, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट व ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता की जानकारी भी ली जाएगी।
यह भी पढ़े: ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर भीषण बस हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी यात्री बस, 8 की मौत
डेटा सुरक्षा और हेल्पलाइन सुविधा
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत एकत्र किए गए सभी व्यक्तिगत आंकड़े पूरी तरह गोपनीय रहते हैं और इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए होता है। डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल उपकरणों में मजबूत एन्क्रिप्शन और बहुस्तरीय प्रमाणीकरण जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। किसी भी सहायता के लिए नागरिक हेल्पलाइन नंबर 1855 या व्हाट्सऐप चैटबॉट नंबर 18001801855, 9456120332 और 9456551589 पर संपर्क कर सकते हैं।
अधिकारियों ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और प्रगणकों को सही जानकारी देकर आगामी दशक की विकास योजनाओं व नीति निर्माण के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं। प्रेस वार्ता में संयुक्त निदेशक एस.एस. नेगी, उप निदेशक प्रवीण कुमार व आर.के. बनवारी, सहायक निदेशक संजीव कुमार और वरिष्ठ अनुसंधान अधिकारी अंजू आजाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




