विकसित उत्तराखण्ड से विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने पर जोर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया आभार
देहरादून, 9 नवंबर: प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेश के समस्त नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने विस्तृत संदेश में प्रधानमंत्री ने राज्य की 26 वर्षों की विकास यात्रा, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, बुनियादी ढांचे के विस्तार, सीमांत क्षेत्रों के विकास और जनकल्याणकारी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने 9 नवंबर 2000 को भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि से हुए राज्य गठन को याद करते हुए कहा कि यह वर्षगांठ देवभूमि के लोगों के अदम्य साहस और प्रगति के संकल्प को नमन करने का अवसर है। उन्होंने हिमालय की चोटियों, गंगा-यमुना के उद्गम, पंच केदार, पंच प्रयाग और चारधाम सहित हेमकुंट साहिब, जागेश्वर धाम व आदि कैलाश की आध्यात्मिक महत्ता का जिक्र किया। अपने पुराने जुड़ाव और केदारनाथ की गुफा में साधना की स्मृतियों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार उत्तराखण्ड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।
कनेक्टिविटी और ऊर्जा परियोजनाओं से विकास को गति
आधारभूत ढांचे पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि लगभग 890 किलोमीटर लंबी चारधाम ऑल वेदर रोड पर ₹11 हजार करोड़ से अधिक का निवेश किया गया है और 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन पर काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में ₹500 करोड़ की लागत से चल रहे मास्टर प्लान कार्यों को विशेष महत्व का बताया। ऊर्जा एवं जल क्षेत्र में उन्होंने ₹8 हजार करोड़ की लागत वाले 1,000 मेगावाट के टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट के साथ-साथ लखवाड़, जमरानी और सौंग बांध परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
सीमांत गांवों का विकास, पर्यटन और कुंभ मेला
‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ के तहत माणा, जादुंग, टिम्मरसैंण, नीति और गुंजी जैसे सीमावर्ती गांवों में संस्कृति, हस्तशिल्प और पर्यटन को बढ़ावा देने की सराहना करते हुए पीएम ने इन्हें देश की सुरक्षा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि होमस्टे, एडवेंचर, विंटर और ‘365-डे टूरिज्म’ से राज्य में पर्यटकों की संख्या ने नए कीर्तिमान बनाए हैं। इसके अलावा, उन्होंने हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के लिए केंद्र सरकार द्वारा ₹500 करोड़ की सहायता का उल्लेख किया।
शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सुशासन
सामाजिक विकास के मोर्चे पर प्रधानमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत 98 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचने, हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रपुर व अल्मोड़ा में नए मेडिकल कॉलेजों, देवप्रयाग में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर और राज्य के पूर्ण साक्षरता लक्ष्य हासिल करने की प्रशंसा की। उन्होंने उज्ज्वला, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम आवास, लखपति दीदी योजना और पीएम किसान सम्मान निधि को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार बताया।
कानून-व्यवस्था और खेलों का जिक्र करते हुए उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC), सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून, भू-कानून में पारदर्शिता और पूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन की सराहना की। राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों द्वारा 100 से अधिक पदक जीतने और हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा रन मैराथन को उन्होंने प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। साथ ही नंदा देवी मेला, इगास-बग्वाल, छोलिया नृत्य, मंडुवे की रोटी, झंगोरे की खीर और बाल मिठाई जैसी लोक संस्कृति और व्यंजनों को प्रदेश की आत्मा कहा।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया आभार
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के शुभकामना संदेश और मार्गदर्शन के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखण्ड के प्रति आत्मीय लगाव प्रदेशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और ‘विकसित उत्तराखण्ड से विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।




