खटीमा: उत्तराखण्ड के खटीमा में तीन दिवसीय ‘उत्तराखण्ड आदि रंगोत्सव’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर देशभर के विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और लोकसंगीत के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पेश की।
कार्यक्रम में केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू तथा केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने दोनों केंद्रीय मंत्रियों को पौधा व महाराणा प्रताप की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा मंच पर फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कलाकारों को पौधा, भगवान हनुमान की गदा और नीब करौरी बाबा की तस्वीर भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं।
ढोल की थाप पर झूमे मुख्यमंत्री
महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री धामी का एक सहज और आत्मीय अंदाज देखने को मिला। वह स्वयं पारंपरिक सांस्कृतिक रंग में रंगे नजर आए। मुख्यमंत्री ने कलाकारों के साथ कदम थिरकाए और ढोल बजाकर जनजातीय संस्कृति के प्रति सम्मान व्यक्त किया, जिससे उपस्थित जनसमूह और कलाकारों में खासा उत्साह दिखा।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “यह रंगोत्सव केवल एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी परंपराओं और जनजातीय समाज के गौरव का प्रतीक है। खटीमा अपने आप में एक ‘मिनी इंडिया’ है, जहां विविध संस्कृतियों के रंग एक साथ देखने को मिलते हैं।”
खटीमा एकलव्य विद्यालय के लिए ₹10 करोड़ की सौगात
मुख्यमंत्री ने खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के आधुनिकीकरण एवं विस्तार के लिए ₹10 करोड़ की घोषणा पर केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम का आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में भी एक एकलव्य आवासीय विद्यालय स्थापित करने का अनुरोध केंद्र सरकार से किया।
यह भी पढ़े: उत्तराखंड: SIR के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी, 9.31 लाख नाम हटाए गए, कुल मतदाता 71.58 लाख
जनजातीय सशक्तिकरण और विकास योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनजातीय समुदायों की पहचान को संरक्षित रखते हुए उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है:
- आवास योजनाएं: अटल आवास योजना में आय सीमा को व्यावहारिक बनाकर निर्माण लागत बढ़ाई गई है, जिससे ऊधम सिंह नगर जनपद में ₹3 करोड़ से अधिक की सहायता दी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में इस वर्ष आए आवेदनों में 28 प्रतिशत हिस्सेदारी जनजातीय परिवारों की रही। वहीं, पीएम जनमन योजना के तहत पहले चरण में 824 और दूसरे चरण में 101 आवास निर्मित किए जा चुके हैं।
- शिक्षा व ढांचागत विकास: बाजपुर में 100 बेड का बालक छात्रावास, ₹16 करोड़ से अधिक की लागत से विद्यालय और ₹4 करोड़ की लागत से बालिका छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। थारू राजकीय इंटर कॉलेज के सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण का कार्य भी जारी है।
- आजीविका और सीमांत विकास: राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जरिए युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत 2020 से 2025 के बीच ₹10 करोड़ से अधिक की योजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं।
एवरेस्ट विजेताओं का सम्मान
मुख्यमंत्री ने खटीमा के अंजनिया गांव निवासी बीएसएफ जवान मोहन सिंह राणा और चारूबेटा निवासी टीला सेन को माउंट एवरेस्ट फतह करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों युवाओं की यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल थारू समाज बल्कि पूरे उत्तराखण्ड के लिए गौरव का विषय है और प्रदेश के युवाओं को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।




