देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन विभाग ने अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। इस गहन शुद्धिकरण अभियान के बाद प्रदेश भर से 9,31,685 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, जबकि 1,29,872 नए पात्र मतदाताओं को सूची में जगह मिली है। अब राज्य में पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या 71,58,949 हो गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने शनिवार को एक प्रेसवार्ता में यह जानकारी साझा करते हुए बताया कि राज्य में पारदर्शी और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया था।
जून से शुरू हुआ था सत्यापन अभियान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार:
- शुरुआती स्थिति: एसआईआर की प्रक्रिया 8 जून को शुरू हुई थी, तब प्रदेश में लगभग 79 लाख मतदाता पंजीकृत थे।
- प्रारूप सूची: 7 जुलाई तक गणना प्रपत्र एकत्र किए गए और 14 जुलाई को जारी प्रारूप मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या घटकर 71,33,785 रह गई थी।
- दावे और आपत्तियां: 14 जुलाई से 13 अगस्त तक आम जनता से दावे और आपत्तियां मांगी गईं, जिनका निस्तारण 10 जुलाई से 28 सितंबर के बीच किया गया।
यह भी पढ़े: ऐ जा माता मन मा |माता के गढ़वाली भजन लिरिक्स | Aja Mata Man Ma Garhwali Bhajan Lyrics
तारीख बढ़ाने की वजह
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को जारी की जानी थी। हालांकि, उत्तराखंड के पांच सीमावर्ती जिलों के मतदाताओं का उत्तर प्रदेश के निकटवर्ती जिलों के साथ क्रॉस-सत्यापन (Verification) किए जाने के चलते सूची जारी करने की तिथि बढ़ाकर 3 अक्टूबर की गई थी।
SIR लिस्ट यहां से डाउनलोड करें : https://voters.eci.gov.in/download-eroll?stateCode=S28
छूटे हुए पात्र मतदाताओं को दोबारा मौका: फॉर्म-6 से करें आवेदन
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन पात्र नागरिकों के नाम किसी कारणवश अंतिम सूची में दर्ज नहीं हो पाए हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है।
- आवेदन प्रक्रिया: ऐसे सभी पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं।
- विशेष अभियान: नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए निर्वाचन विभाग जल्द ही एक विशेष अभियान भी संचालित करेगा।




