बड़ी खबर: राज्य के राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में शिक्षकों की कमी से जूझ रहे छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। छात्रों की पढ़ाई को सुचारू रखने के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग अगले 15 दिनों के भीतर 480 अतिथि शिक्षकों (गेस्ट टीचरों) की भर्ती करने जा रहा है। शासन ने यह अंतरिम फैसला लोक सेवा आयोग द्वारा नियमित शिक्षकों की नियुक्ति में हो रही देरी को देखते हुए लिया है।
मंत्री की सख्ती के बाद आई प्रक्रिया में तेजी
तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने हाल ही में हुई विभागीय समीक्षा बैठक में गेस्ट टीचरों की नियुक्ति में हो रही लेटलतीफी पर कड़ी नाराजगी जताई थी। उन्होंने बताया कि एक महीने पहले ही इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे, लेकिन प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को फटकार लगाते हुए मंत्री ने सख्त निर्देश दिए कि अगले 15 दिनों के भीतर हर हाल में भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि छात्रों का शिक्षण कार्य प्रभावित न हो।
यह भी पढ़े: बांजझिरौटी में महिला की संदिग्ध मौत, तेंदुए के हमले की आशंका
सभी संस्थानों से मांगे गए प्रस्ताव
शिक्षा मंत्री के सख्त रुख के बाद निदेशालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राज्य के सभी तकनीकी संस्थानों से गेस्ट टीचरों की आवश्यकता और नियुक्ति से जुड़े प्रस्ताव तत्काल भेजने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
डॉ. धन सिंह रावत ने स्पष्ट किया है कि जब तक लोक सेवा आयोग से स्थाई शिक्षकों की चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक युवाओं की पढ़ाई का कोई नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। इन गेस्ट फैकल्टी की तैनाती से संस्थानों में पठन-पाठन की व्यवस्था तुरंत पटरी पर लौट सकेगी। विभाग द्वारा जल्द ही आवेदन से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।


