Uttarakhand Weather Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने उत्तराखंड राज्य के लिए ताजा मौसम पूर्वानुमान और चेतावनी बुलेटिन जारी किया है। 16 जुलाई 2026 को जारी इस रिपोर्ट के अनुसार, 17 जुलाई से 20 जुलाई के बीच उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में मौसम के कड़े तेवर देखने को मिलेंगे। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा (Heavy to Very Heavy Rain) और आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना है।
मौसम विभाग द्वारा जारी 17 से 20 जुलाई तक का विस्तृत ब्यौरा इस प्रकार है:
17 जुलाई 2026: कई जिलों में भारी बारिश की शुरुआत
शुक्रवार 17 जुलाई को कुमाऊं मंडल के जनपदों एवं देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी।
चेतावनी: देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, उधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चम्पावत एवं रुद्रप्रयाग जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही राज्य के सभी जनपदों में आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की चेतावनी दी गई है।
18 जुलाई 2026: देहरादून और बागेश्वर में बहुत भारी बारिश का अलर्ट
18 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
चेतावनी: देहरादून और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इन जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की आशंका है। इसके अलावा रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, उधम सिंह नगर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जनपदों में भी भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
19 जुलाई 2026: बारिश का दायरा बढ़ेगा
19 जुलाई को भी पूरे प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने का पूर्वानुमान है।
चेतावनी: इस दिन देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल एवं बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में बारिश के अत्यंत तीव्र दौर आ सकते हैं। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली एवं उधम सिंह नगर में कहीं-कहीं भारी वर्षा का अलर्ट है। शेष जिलों में बिजली चमकने और तेज बौछारें पड़ने की संभावना बनी रहेगी।
यह भी पढ़े: हरेला पर्व की फोटो, रील और ये 5 शुभकामना संदेश भेजिए अपने अपनों को
20 जुलाई 2026: देहरादून और पौड़ी पर विशेष नजर
20 जुलाई को भी राज्य भर में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।
चेतावनी: देहरादून और पौड़ी जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है।
प्रशासन और आम जनमानस के लिए सलाह
इन 4 दिनों (17 से 20 जुलाई) के दौरान राज्य के लगभग सभी जिलों में लगातार गर्जन और आकाशीय बिजली के साथ बारिश के तीव्र दौर की चेतावनी दी गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड), चट्टान खिसकने और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि होने की संभावना है।
मौसम विभाग की इस चेतावनी को देखते हुए स्थानीय निवासियों और उत्तराखंड की यात्रा कर रहे पर्यटकों व तीर्थयात्रियों को विशेष सावधानी बरतने, नदी-नालों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर ही आश्रय लेने की सलाह दी जाती है। यात्रा करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी अवश्य लें।


