देहरादून: मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने उत्तराखंड में मौसम के करवट लेने की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग द्वारा 7 मई 2026 को जारी किए गए बुलेटिन के अनुसार, राज्य के कई जिलों में बारिश, आंधी-तूफान और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने जान-माल की सुरक्षा के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।
7 और 8 मई का पूर्वानुमान:
मौसम विभाग के अनुसार, 7 मई को देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी और नैनीताल जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, 3600 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। राज्य के अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।
8 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर बारिश और 3800 मीटर से ऊपर के इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है, जबकि बाकी पर्वतीय जिलों में छिटपुट बारिश हो सकती है।
आंधी और बिजली गिरने का विशेष अलर्ट:
विशेष रूप से 7 मई, 8 मई और 11 मई के लिए मौसम विभाग ने गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी (येलो अलर्ट) जारी की है। विभाग ने चेताया है कि तेज हवाओं से कच्चे और असुरक्षित मकानों को हल्का नुकसान पहुंच सकता है और बिजली गिरने से जान-माल की हानि की भी आशंका है।
यह भी पढ़े: Uttarakhand Weather Update: पहाड़ों पर बारिश और बर्फ़बारी का दौर जारी, आने वाले दिनों में बढ़ेगा तापमान
सुरक्षा के लिए मौसम विभाग की एडवाइजरी:
खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने आम जनता और किसानों के लिए निम्नलिखित सलाह जारी की है:
- फसल सुरक्षा: कटी हुई उपज (यदि खेत में हो) को तुरंत सुरक्षित स्थान पर रखें।
- घर में रहें: आंधी-तूफान और बिजली चमकने के दौरान घरों के अंदर ही रहें और खिड़की-दरवाजे अच्छी तरह बंद रखें।
- बिजली से बचाव: आकाशीय बिजली के दौरान बिजली का संचालन करने वाली सभी वस्तुओं से दूर रहें।
- पशुओं की सुरक्षा: खराब मौसम और झोंकेदार हवाओं के दौरान जानवरों को खुले में बाहर न बांधें।
- सुरक्षित आश्रय: पेड़ों के नीचे बिल्कुल शरण न लें। सुरक्षा के लिए पक्के मकानों में ही रहें और वाहनों को सुरक्षित पार्किंग में खड़ा करें।
मौसम विभाग ने स्थानीय निवासियों और यात्रियों से अपील की है कि वे इस दौरान विशेष सावधानी बरतें और मौसम के अपडेट्स पर नज़र बनाए रखें।
