देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने प्रसिद्ध संत नीम करौली बाबा के जीवन और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को राज्यभर में टैक्स फ्री करने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार के इस कदम से सिनेमाघरों में दर्शकों के लिए टिकट की कीमतें कम होंगी, जिससे अधिक से अधिक लोग इस प्रेरक कथा को देख सकेंगे।
एसजीएसटी की प्रतिपूर्ति करेगी सरकार
इस संबंध में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने राज्य कर आयुक्त को आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है। आदेश के अनुसार, फिल्म को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों में इसके प्रदर्शन पर लगने वाले राज्य माल एवं सेवा कर (एसजीएसटी) की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार स्वयं करेगी। इसका सीधा लाभ दर्शकों को मिलेगा, क्योंकि टिकट खरीदते समय उनसे एसजीएसटी का हिस्सा नहीं लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने परिवार और मंत्रियों के साथ देखी फिल्म
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल में अपनी धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और विधायक प्रदीप बत्रा के साथ यह फिल्म देखी। स्क्रीनिंग के बाद ही मुख्यमंत्री ने फिल्म को राज्य में कर-मुक्त करने की घोषणा की।
यह भी पढ़े: Khatarua Festival 2026: खतड़वा पर्व की असली कहानी और शुभकामनाएं
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा, “भारत की संत परंपरा सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। पूज्य नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी महान परंपरा का जीवंत उदाहरण है। उनकी भक्ति, मानव सेवा और प्रेम का संदेश आज के दौर में भी प्रासंगिक है और समाज को सही दिशा देने में सक्षम है।”
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म ‘हनुमान अंश’ की कहानी मुख्य रूप से लक्ष्मण दास के जीवन पर केंद्रित है, जो आगे चलकर दुनिया भर में पूज्य संत नीब करौली बाबा के नाम से विख्यात हुए। फिल्म में उनके साधारण जीवन से लेकर गहन भक्ति, सेवा भाव और आध्यात्मिक ऊंचाइयों तक पहुंचने के सफर को संजीदगी से पर्दे पर उतारा गया है। यह यात्रा दर्शाती है कि कैसे एक व्यक्ति का जीवन निस्वार्थ भाव और ईश्वर-भक्ति के चलते लाखों लोगों की आस्था और प्रेरणा का केंद्र बन गया।


