Dehradun Triple Murder: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक घर में घुसकर युवक ने बुजुर्ग दंपति और उनकी घरेलू सहायिका की पेचकस से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। इस तिहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि, भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को स्थानीय लोगों की सूझबूझ से पकड़ लिया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
मकान नंबर 16 में दोपहर तीन बजे की वारदात
घटना विष्णु लोक कॉलोनी स्थित मकान नंबर 16 की है। मृतकों की शिनाख्त 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और 45 वर्षीय घरेलू सहायिका शीला के रूप में हुई है। वारदात दोपहर करीब तीन बजे अंजाम दी गई।
काम के बाद हुआ था विवाद
शुरुआती पुलिस पूछताछ के अनुसार, आरोपी पेशे से प्लंबर है और कपूर दंपति उसे पहले से जानते थे। मंगलवार को बुजुर्ग दंपति ने उसे घर में प्लंबिंग कार्य के सिलसिले में बुलाया था। काम खत्म होने के बाद किसी बात को लेकर आरोपी और दंपति के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि तैश में आकर आरोपी ने धारदार पेचकस से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
यह भी पढ़े: Uttarakhand Weather Update: 6 से 9 अक्टूबर तक कई जिलों में ‘येलो अलर्ट’
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई खौफनाक दास्तान
पड़ोस में रहने वाली प्रत्यक्षदर्शी भारती भंडारी ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे उन्होंने कपूर दंपति के घर से तेज चीख-पुकार और शोर सुना। बाहर आकर देखने पर उन्होंने पाया कि एक युवक घरेलू सहायिका शीला पर पेचकस से वार कर रहा था। भारती ने तुरंत शोर मचाना शुरू किया, जिस पर हमलावर पेचकस लेकर उनकी तरफ भी झपटा। भारती की चीखें सुनकर आसपास के लोग फौरन घर की ओर दौड़े।
स्थानीय लोगों ने खदेड़कर पकड़ा, अस्पताल में तीनों मृत घोषित
भीड़ को इकट्ठा होते देख आरोपी मौके से भागने लगा। इसी दौरान घर के बाहर मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने बहादुरी दिखाते हुए पीछा कर उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
स्थानीय नागरिकों की मदद से तीनों घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रमेश कपूर, रजनी कपूर और शीला को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और घटना के पीछे के सभी संभावित पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है।




