बदरीनाथ चढ़ावा घोटाला: विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को पुलिस ने रविवार देर रात देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कड़ी पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बदरीनाथ लाया गया है।
रात 11 बजे हुई गिरफ्तारी, शालिग्राम शिला बरामद
पुलिस के अनुसार, चढ़ावा चोरी का मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। साक्ष्य जुटाने के बाद आखिरकार रविवार रात करीब 11 बजे पुलिस ने उसे देहरादून में धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी नौटियाल के कब्जे से एक शालिग्राम शिला और एक लैपटॉप बरामद किया है। आवश्यक मेडिकल परीक्षण के बाद उसे जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।
25 जून के सीसीटीवी में कैद हुई थी करतूत
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने बड़ी चालाकी से इस हेराफेरी को अंजाम दिया था। पुलिस ने जब 25 जून की सीसीटीवी फुटेज खंगाली, तो उसमें आरोपी प्रमोद नौटियाल नोटों की गड्डी ले जाते हुए साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने इस मामले में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) से आंतरिक जांच रिपोर्ट और अन्य सभी आवश्यक दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए हैं।
यह भी पढ़े: गोल्डन कार्ड से लेकर ‘बीटल्स स्ट्रीट’ तक: जानें सीएम ने किन योजनाओं के लिए खोला खजाना
कैसे खुला था पूरा मामला?
गौरतलब है कि बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे के रखरखाव और बैंक में जमा करने की प्रक्रिया के दौरान भारी वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की गई। जांच में चढ़ावे की राशि में गड़बड़ी के स्पष्ट संकेत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया था।
अन्य लोगों की भूमिका की भी होगी जांच
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जा रही है। आरोपी प्रमोद से पूछताछ के आधार पर इस घोटाले में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी बारीकी से जांच की जाएगी। फिलहाल, पुलिस दस्तावेजों, पुराने रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की गहन पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में दोषी पाए जाने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


