देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत उत्तराखण्ड में 01 जनवरी, 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कार्यक्रम चलाया जा रहा है। मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से प्रदेश भर में 20 नवंबर से 27 नवंबर, 2026 तक एक सप्ताह का विशेष अभियान संचालित किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि इस विशेष अभियान के दौरान प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की गहन जांच करेंगे। सूची में पाई जाने वाली त्रुटियों को चिन्हित कर संबंधित मतदाताओं के माध्यम से आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, यदि किसी एक मतदाता का नाम एक ही बूथ पर या एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में दर्ज पाया जाता है, तो नियमानुसार फार्म-7 के जरिए अतिरिक्त प्रविष्टियों को हटाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 एवं 18 के तहत कोई भी व्यक्ति एक से अधिक बार या एक से अधिक क्षेत्रों में मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हो सकता।
11 दिसंबर तक दर्ज करा सकते हैं दावे और आपत्तियां
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या विवरण में संशोधन के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर, 2026 तक दावे और आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं। इसके लिए अलग-अलग फार्म निर्धारित किए गए हैं:
- फार्म-6: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए।
- फार्म-7: अपात्र या अतिरिक्त प्रविष्टि (नाम) हटाने के लिए।
- फार्म-8: मतदाता सूची में दर्ज विवरण (नाम, पता, आयु आदि) में संशोधन के लिए।
अफवाहों से बचें, ऑनलाइन जांचें अपना नाम
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के पात्र सदस्यों का विवरण अवश्य जांच लें। किसी भी त्रुटि की स्थिति में समय रहते संबंधित बीएलओ के पास आवेदन जमा करें। उन्होंने नागरिकों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से बचने तथा केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करने का आग्रह किया है।
गौरतलब है कि 12 नवंबर, 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची सभी जिला निर्वाचन कार्यालयों, उप जिलाधिकारी कार्यालयों, तहसील कार्यालयों और बीएलओ के पास उपलब्ध है। इसके अलावा, मतदाता घर बैठे भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.voters.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड की वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर भी अपना नाम व विवरण ऑनलाइन जांच सकते हैं।




