IITF 2026, नई दिल्ली। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 14 से 27 नवम्बर, 2026 तक आयोजित हो रहे 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) में उत्तराखण्ड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक उत्पादों और स्थानीय उद्यमिता की शानदार झलक प्रस्तुत कर रहा है। इस वर्ष मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है, जिसके अनुरूप उत्तराखण्ड अपने पारंपरिक कौशल और आधुनिक व्यावसायिक संभावनाओं का संगम पेश कर रहा है।
मेले में हॉल नंबर-3 के प्रथम तल पर उत्तराखण्ड का भव्य पवेलियन स्थापित किया गया है। यहाँ 40 से अधिक स्टॉलों के माध्यम से देवभूमि के पारंपरिक उत्पादों, उत्कृष्ट हस्तशिल्प, जैविक उत्पादों, स्थानीय व्यंजनों और सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित किया गया है। इस पवेलियन की एक बड़ी विशेषता यह है कि इसमें स्थानीय उद्यमियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिला उद्यमी भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन और विपणन कर रही हैं, जो प्रदेश में महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की कहानी बयां कर रहा है।
उत्तराखण्ड पवेलियन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के स्थानीय उत्पादों (वोकल फॉर लोकल) को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है। यह मंच स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों, महिला उद्यमियों और स्वरोजगार से जुड़े युवाओं को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार, सीधे ग्राहकों से जुड़ने और व्यवसाय के विस्तार के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है।
इसके अतिरिक्त, व्यापार मेले के दौरान आगामी 20 नवम्बर को ‘उत्तराखण्ड दिवस’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन भी प्रस्तावित है। इस विशेष अवसर पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देश-विदेश से आए आगंतुकों को उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य, लोक संगीत और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक देखने को मिलेगी।




