उत्तरकाशी। प्रेम प्रसंग के एक मामले में चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के 34 वर्षीय युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अस्पताल छोड़कर फरार हो गए थे आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिन्यालीसौड़ के बधाण निवासी रोशन लाल (34) पुत्र स्वर्गीय नैननाल मोटर मैकेनिक का काम करता था और कस्बे में ही उसकी दुकान थी। शनिवार शाम को वह गांव के ही कुछ परिचितों के साथ कुटेटी बैरियर की तरफ गया था। इसी दौरान साथ मौजूद लोगों ने किसी बात को लेकर रोशन के साथ जमकर मारपीट की। युवक को अधमरा करने के बाद आरोपी उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए, जहां इलाज के दौरान रोशन की मौत हो गई।
यह भी पढ़े: बनबसा कैबिनेट में बड़े फैसले: शिक्षा, भूमि सुधार और रोजगार को मिली नई रफ्तार
महिला को साथ ले जाने से जुड़ा है विवाद
मृतक के बड़े भाई संजय लाल के अनुसार, रोशन अविवाहित था। आरोप है कि बीते 29 सितंबर को वह गांव की ही दो बच्चों की मां को अपने साथ ले गया था। हालांकि, पुलिस ने दोनों को स्यांसू बैरियर के पास पकड़ लिया था। संजय ने बताया कि एक अक्टूबर को आरोपियों में से एक व्यक्ति ने फोन कर कहा था कि रोशन को कोर्ट भेजा जाए, ताकि उस महिला का उसके पति से तलाक कराया जा सके। इसी रंजिश के तहत साजिश रचकर शनिवार को रोशन को ले जाया गया और उसकी जान ले ली गई।
चार आरोपी पुलिस हिरासत में
संजय लाल की तहरीर पर पुलिस ने रामलाल, लखमा देवी, अर्जुन, विकास, मनोज, केशव और विरेन्द्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। धरासू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद चार आरोपियों—अर्जुन, विकास, विरेन्द्र और केशव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है।




