रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। चीरवासा के पास क्षतिग्रस्त हुए पैदल मार्ग के चौड़ीकरण और मरम्मत कार्य के चलते आज सुबह के समय यात्रा संचालन में आंशिक फेरबदल किया गया है।
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, चीरवासा क्षेत्र में पैदल मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए आज प्रातः 06:00 बजे से 09:00 बजे तक विशेष सुधारीकरण एवं चौड़ीकरण अभियान चलाया जा रहा है।
सुबह 9 बजे के बाद रवाना होंगे यात्री
मार्ग पर चल रहे कार्य के कारण यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवाजाही को अस्थायी रूप से नियंत्रित किया गया है। प्रातः 09:00 बजे कार्य पूरा होने के बाद ही सोनप्रयाग से श्रद्धालुओं को गौरीकुण्ड और केदारनाथ धाम पैदल मार्ग के लिए आगे रवाना किया जाएगा।
यह भी पढ़े: केदारनाथ से पहले होती है इनकी पूजा ! दर्शन के बिना अधूरी है यात्रा !
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस रुद्रप्रयाग ने सभी तीर्थयात्रियों से धैर्य बनाए रखने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि मार्ग सुधारीकरण का यह कदम श्रद्धालुओं की सुगम व सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। सभी यात्री स्थानीय प्रशासन और पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।


