देहरादून: राज्य में त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने के उद्देश्य से 20 से 27 नवंबर तक एक सप्ताह का विशेष घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने आज सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अभियान की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि इस अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
BLO करेंगे मतदाता सूची की गहन जांच
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि एक सप्ताह के इस विशेष अभियान के दौरान प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की बारीकी से जांच करेंगे। सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर संबंधित मतदाताओं से संपर्क कर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, एक ही मतदाता का नाम एक बूथ पर या एक से अधिक मतदान केंद्रों में दर्ज होने पर ऐसी अतिरिक्त प्रविष्टियों को चिन्हित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 और 18 के तहत कोई भी व्यक्ति एक से अधिक स्थानों पर मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हो सकता, इसलिए नियमानुसार फार्म-7 भरकर ऐसे दोहरे नाम हटाए जाएं।
11 दिसंबर तक दर्ज करा सकते हैं दावे और आपत्तियां
डॉ. पुरुषोत्तम ने जानकारी दी कि विधानसभा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विवरण संशोधित करने या अपात्र नामों को हटाने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जा रही हैं। इसके लिए अलग-अलग प्रारूप निर्धारित किए गए हैं:
- फार्म-6: मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए।
- फार्म-7: अपात्र या दोहरी प्रविष्टि का नाम हटाने के लिए।
- फार्म-8: सूची में दर्ज नाम, पता, आयु या अन्य विवरण में संशोधन कराने के लिए।
मतदाताओं से सूची जांचने की अपील
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे वर्तमान मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का विवरण भली-भांति जांच लें। किसी भी अशुद्धि के सुधार हेतु समय रहते संबंधित बीएलओ के पास फार्म-8 जमा करें, तथा छूटे हुए पात्र नागरिक फार्म-6 के माध्यम से अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं।
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास सहित प्रदेश के सभी जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।




