Adi Kailash Yatra 2026: आदि कैलाश और ॐ पर्वत यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। उप जिलाधिकारी (एसडीएम) धारचूला, आशीष जोशी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 से 26 अक्टूबर 2026 तक आम पर्यटकों और यात्रियों के लिए इनर लाइन परमिट (ILP) जारी करने की प्रक्रिया पूरी तरह बंद रहेगी।
मैराथन “आदि कैलाश परिक्रमा रन 2.0” के चलते लिया गया निर्णय
प्रशासनिक आदेश के मुताबिक, जिलाधिकारी पिथौरागढ़ के निर्देशों के अनुपालन में क्षेत्र में “आदि कैलाश परिक्रमा रन 2.0” (मैराथन) का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष आयोजन के सुचारू व सफल संचालन के दृष्टिगत यह अस्थायी व्यवस्था लागू की गई है।
केवल प्रतिभागियों और अधिकारियों को मिलेगी अनुमति
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 19 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 की अवधि के दौरान केवल:
- “आदि कैलाश परिक्रमा रन 2.0” में हिस्सा लेने वाले धावकों/प्रतिभागियों, तथा
- कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों
को ही इनर लाइन परमिट (ILP) जारी किए जाएंगे। अन्य सभी सामान्य यात्रियों और पर्यटकों के लिए परमिट जारी करने पर इस दौरान रोक रहेगी।
पर्यटकों और टूर ऑपरेटरों को सलाह
एसडीएम धारचूला ने सभी पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए अपनी यात्रा की योजना 19 अक्टूबर 2026 से पहले या फिर 26 अक्टूबर 2026 के बाद के लिए ही बनाएं।
इस सूचना की प्रतिलिपि जिलाधिकारी पिथौरागढ़, पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़, जिला पर्यटन विकास अधिकारी के साथ-साथ सभी आदि कैलाश यात्रा टूर ऑपरेटरों, टैक्सी यूनियन धारचूला और होमस्टे/होटल स्वामियों को भी आवश्यक कार्यवाही व जनहित में जारी कर दी गई है।



