नैनीताल 26 सितंबर। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में मौसम के बिगड़े मिजाज और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून द्वारा 25 सितंबर को जारी पूर्वानुमान में नैनीताल जिले के लिए 26 सितंबर को भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। विद्यार्थियों और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार, 26 सितंबर को जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार, 26 सितंबर को जिले के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश, बादलों की गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की प्रबल संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते भूस्खलन (लैंडस्लाइड), बोल्डर गिरने और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बढ़ गया है।
स्टाफ को भी राहत, आवासीय विद्यालयों को छूट
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष/जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के तहत:
- अवकाश का दायरा: जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी (प्राइवेट) विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) के साथ-साथ समस्त आंगनबाड़ी केंद्र 26 सितंबर को बंद रहेंगे।
- स्टाफ को छुट्टी: इस अवकाश का लाभ विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और शिक्षणेत्तर/कार्यालय स्टाफ को भी मिलेगा।
- आवासीय विद्यालयों के लिए अपवाद: यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र के उन आवासीय शिक्षण संस्थानों पर लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राएं परिसर के भीतर ही हॉस्टल में निवास करते हैं।
यह भी पढ़े: पिथौरागढ़ के पर्वतारोहियों ने रचा इतिहास: लद्दाख की तीन दुर्गम चोटियां फतह
आदेश का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शिक्षा विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी विद्यालय या संस्थान द्वारा आदेश की अवहेलना की गई, तो आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत संबंधित प्रबंधन के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रशासन ने आम जनता से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।


