भीमताल। विकासखंड मुख्यालय ओखलकांडा में जिला सहकारी बैंक एवं बहुद्देशीय समितियों से जुड़े नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और संचालकों के सम्मान में एक भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान “हम साथ हैं, साथ रहेंगे” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। समारोह में 500 से अधिक प्रतिनिधियों, करीब 50 ग्राम प्रधानों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
ब्लॉक प्रमुख केडी रुवाली के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मनोज सुयाल ने की। समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और संचालकों का फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया। इस दौरान लालकुआं दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा सहित छह दर्जन दुग्ध समितियों के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सहकारिता प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। उपस्थित प्रतिनिधियों ने संगठन की मजबूती और क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सहकारिता को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया और किसानों व दुग्ध उत्पादकों के हित में समितियों को अधिक सक्रिय बनाने पर बल दिया। दीवान सिंह भंडारी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी जिस भी कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाएगी, सभी मिलकर उसकी जीत सुनिश्चित करेंगे। साथ ही, उन्होंने दीपावली तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक दान सिंह भंडारी, पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह बिष्ट, विशिष्ट अतिथि निश्चल पांडे, बलदेव आर्या और अति विशिष्ट अतिथि के रूप में लालकुआं दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त दुग्ध संघ संचालक दीपा बिष्ट, खीमा शर्मा, पुष्पा देवी, उमेश चिलवाल, भवान रौतेला, कमलेश भट्ट, एफओ शान्ति कोरंगा, खीम सिंह, मदन रोलिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुरेश जोशी ने किया, जबकि समापन प्रदीप बिष्ट के संबोधन के साथ हुआ।


