Haldwani। तल्ली बमौरी-लालडांट क्षेत्र स्थित शक्तिनगर फेज-वन कॉलोनी में मजदूर क्वार्टरों में लगातार हो रही मारपीट और उपद्रव से स्थानीय बाशिंदों का जीना मुहाल हो गया है। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि आए दिन गाली-गलौज और हिंसक झड़पें आम बात हो गई हैं। हालिया घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने बिना सत्यापन किराएदार रखने पर मकान मालिक के खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई की है, वहीं आक्रोशित नागरिकों ने नगर निगम पार्षद को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा व्यवस्था की गुहार लगाई है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, इलाके में विभिन्न खाली प्लॉटों पर बड़ी संख्या में मजदूर क्वार्टर बना दिए गए हैं। आरोप है कि यहां रहने वाले लोगों के बीच अक्सर विवाद होता रहता है, जो कई बार हिंसक मारपीट और चाकूबाजी तक जा पहुंचता है। बीती रात भी मजदूरों के दो गुट आपस में भिड़ गए और उपद्रव सड़क तक आ गया।
महिला पर ईंट से हमला, वीडियो वायरल
घटना के दौरान बने एक वीडियो ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। फुटेज में दो पक्षों के बीच हो रहे झगड़े में एक युवक दूसरे पक्ष की महिला पर सीधे ईंट से वार करता दिखाई दे रहा है। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और बिना पुलिस सत्यापन के मजदूरों को रखने वाले मकान मालिक का पुलिस एक्ट के तहत चालान काटा।
यह भी पढ़े: अल्मोड़ा में मामूली विवाद पर खूनी संघर्ष: 66 वर्षीय बुजुर्ग महिला की दरांती से हत्या
महिलाओं में खौफ का माहौल
क्षेत्र की महिलाओं का कहना है कि कॉलोनी में पनपती अराजकता का सीधा असर उनके दैनिक जीवन पर पड़ रहा है। शाम ढलते ही घर से बाहर निकलना असुरक्षित लगने लगा है। स्थानीय नागरिकों का स्पष्ट कहना है कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष से नहीं है, बल्कि वह क्षेत्र में बिगड़ते सामाजिक माहौल और सुरक्षा की अनदेखी से परेशान हैं। नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने और अवैध रूप से बिना सत्यापन चल रहे क्वार्टरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


