अल्मोड़ा। जनपद के स्याल्दे ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा बसई के रतखेत तोक में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मामूली कहासुनी के बाद 70 वर्षीय बुजुर्ग ने पड़ोस में रहने वाली 66 वर्षीय महिला की दरांती और पत्थरों से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची मृतका की 95 वर्षीय बुजुर्ग मां पर भी आरोपी ने हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
पूजा-पाठ के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, रतखेत तोक निवासी तुलसी देवी (66) पिछले करीब 40 वर्षों से अपने मायके में रहकर अपनी 95 वर्षीय वृद्ध मां धनुली देवी की देखभाल कर रही थीं। शनिवार सुबह तुलसी देवी अपने घर में पूजा-पाठ कर रही थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी राजे सिंह (70) घर के पास स्थित अपने खेत में काम करने पहुंचा।
वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि राजे सिंह तैश में आ गया और उसने दरांती व पत्थरों से तुलसी देवी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
बेटी को बचाने आई 95 साल की मां पर भी हमला
तुलसी देवी की चीख-पुकार सुनकर उनकी 95 वर्षीय मां धनुली देवी लाठी के सहारे बेटी को बचाने पहुंचीं। बेकाबू हो चुके आरोपी ने लाचार मां को भी नहीं बख्शा और उन पर भी दरांती से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
यह भी पढ़े: SSC CHSL Recruitment 2026: 12वीं पास युवाओं के लिए निकली बंपर भर्ती
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
शोर-शराबा सुनकर मृतका के भाई हरीश चंद्र मौके पर पहुंचे और तत्काल 108 एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल तुलसी देवी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) स्याल्दे ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घायल मां धनुली देवी का उपचार चल रहा है।
आरोपी फरार, पुलिस ने बरामद किया हथियार
घटना की सूचना मिलते ही देघाट पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई दरांती को कब्जे में ले लिया है और फरार आरोपी राजे सिंह की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।


