SSC CHSL Recruitment 2026: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। आयोग ने कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल (CHSL 10+2) परीक्षा 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। 12वीं पास उम्मीदवारों के लिए यह एक बेहतरीन अवसर है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां
- आवेदन शुरू होने की तिथि: 7 सितंबर 2026
- ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 7 अक्टूबर 2026
- आवेदन शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि: 8 अक्टूबर 2026
- परीक्षा की तिथि: आयोग द्वारा शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा।
उम्मीदवारों को फॉर्म भरने के लिए पूरे एक महीने का समय दिया गया है। अंतिम समय में वेबसाइट पर होने वाली तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
परीक्षा पैटर्न में बड़ा बदलाव: लागू हुई सेक्शनल टाइमिंग
इस बार की भर्ती में सबसे अहम बदलाव परीक्षा के पैटर्न को लेकर किया गया है। सीजीएल (CGL) की तर्ज पर अब सीएचएसएल (CHSL) में भी सेक्शनल टाइमिंग की व्यवस्था लागू कर दी गई है। इसके तहत परीक्षा के प्रत्येक सेक्शन के सवालों को हल करने के लिए एक निश्चित समय सीमा तय होगी। निर्धारित समय समाप्त होते ही वह सेक्शन अपने आप लॉक हो जाएगा और अभ्यर्थी दोबारा उस सेक्शन के प्रश्नों पर वापस नहीं जा सकेंगे।
शैक्षणिक योग्यता
- सामान्य पद: मान्यता प्राप्त बोर्ड से न्यूनतम 12वीं (इंटरमीडिएट) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
- डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO): उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, एसएससी तथा संस्कृति मंत्रालय में डीईओ पदों के लिए अभ्यर्थी का 12वीं साइंस स्ट्रीम (गणित विषय के साथ) पास होना आवश्यक है।
यह भी पढ़े : नंदा देवी राजजात और बड़ी जात में क्या अंतर है? जानिए नंदा राजजात का सम्पूर्ण इतिहास
आयु सीमा और छूट के नियम
भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। इसका अर्थ यह है कि उम्मीदवार का जन्म 2 अगस्त 1999 से पहले और 1 अगस्त 2008 के बाद का नहीं होना चाहिए।
आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को सरकारी नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी:
- एससी/एसटी वर्ग: 5 वर्ष
- ओबीसी वर्ग: 3 वर्ष
- PwBD (अनारक्षित): 10 वर्ष
- PwBD (ओबीसी): 13 वर्ष
- PwBD (एससी/एसटी): 15 वर्ष
कैसे करें आवेदन?
योग्य उम्मीदवार एसएससी के नए पोर्टल www.ssc.gov.in पर जाकर पहले अपना ‘वन-टाइम रजिस्ट्रेशन’ (OTR) पूरा करें। इसके बाद लाइव पोर्टल के माध्यम से सीएचएसएल 2026 भर्ती लिंक पर क्लिक कर जरूरी विवरण दर्ज करें और निर्धारित शुल्क जमा करके अपना फॉर्म सबमिट करें।


