मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट से नीचे गिरने के कारण दिल्ली निवासी एक युवक की मौत हो गई। युवक मसूरी घूमने आया हुआ था।
घटना शुक्रवार तड़के करीब 5 बजे की है। मृतक की पहचान 20 वर्षीय शिवम पुत्र अजय, निवासी नई दिल्ली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शिवम लाइब्रेरी चौक के पास स्थित व्यू प्वाइंट पर खड़ा था, तभी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों और आसपास मौजूद पर्यटकों की सूचना पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को तत्काल मसूरी के उप जिला (सिविल) अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने युवक की हालत नाजुक देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़े: बाखूल पहाड़ों में भेड़ की ऊन से बनी प्राकृतिक ‘वाटरप्रूफ जैकेट’
एसएसआई सतेंद्र भाटी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। शव का पंचनामा भरकर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। युवक किन परिस्थितियों में नीचे गिरा, पुलिस इन सभी पहलुओं और घटना के असल कारणों की गहनता से जांच कर रही है।


