Uttarakhand Weather Alert: मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी नवीनतम मौसम पूर्वानुमान और चेतावनी के अनुसार, उत्तराखंड में आगामी दिनों में मौसम के कड़े तेवर देखने को मिलेंगे। 14 अगस्त 2026 से राज्य के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है, जिसे लेकर मौसम विभाग ने गंभीर चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार 14 अगस्त से 18 अगस्त तक राज्य भर में बारिश की गतिविधियां चरम पर रहेंगी। यहाँ 14 अगस्त और उसके बाद के मौसम का विस्तृत विवरण दिया गया है:
14 अगस्त 2026: भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट
14 अगस्त को राज्य में मौसम बेहद खराब रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल जनपदों के लिए भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के ‘अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर’ (Extremely intense spell) होने की चेतावनी दी गई है।
इसके अतिरिक्त, चंपावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जनपदों में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है।
15 अगस्त 2026: पर्वतीय जिलों में सतर्कता की सलाह
स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के दिन भी बारिश से पूरी तरह राहत मिलने के आसार नहीं हैं। राज्य के देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दिन के लिए मौसम विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ (जागरूक रहें) जारी किया है। पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
16 अगस्त 2026: चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल में फिर ‘ऑरेंज अलर्ट’
16 अगस्त को बारिश का प्रभाव फिर से कुछ जिलों में बढ़ेगा। चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल जनपदों में भारी से बहुत भारी वर्षा (ऑरेंज अलर्ट – कार्रवाई के लिए तैयार रहें) होने की प्रबल संभावना है। इन जगहों पर अत्यंत तीव्र बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
वहीं देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, उधम सिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जनपदों में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।
17 और 18 अगस्त 2026 का पूर्वानुमान:
17 और 18 अगस्त को राज्य के लगभग सभी जनपदों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा (Light to moderate rain) और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग की अपील:
लगातार हो रही और आगामी दिनों में संभावित भारी बारिश के मद्देनजर मौसम विभाग ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से 14 और 16 अगस्त को पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय अत्यधिक सावधानी बरतने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और उफान पर बहने वाले नदी-नालों (गदेरों) से दूर रहने की अपील की गई है।


