देहरादून: शिक्षा विभाग में दिव्यांग कोटे के तहत अपात्र अभ्यर्थियों द्वारा नौकरी हासिल करने की गंभीर शिकायतों के बाद अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। विभाग में इस कोटे के माध्यम से नियुक्त हुए करीब 100 शिक्षकों की अब नए सिरे से मेडिकल जांच कराई जाएगी। इस संबंध में स्वास्थ्य महानिदेशालय ने शिक्षा विभाग को एक आधिकारिक पत्र भेजकर जांच प्रक्रिया को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने के लिए जल्द से जल्द एक नोडल अधिकारी नामित करने को कहा है।
फर्जीवाड़े के आरोप और हाईकोर्ट में याचिका
यह पूरा मामला तब सुर्खियों में आया था, जब ‘नेशनल फेडरेशन ऑफ द ब्लाइंड’ ने इस कथित धांधली के खिलाफ हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) दायर की थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि कई अपात्र अभ्यर्थियों ने फर्जी तरीके से दिव्यांग कोटे का लाभ उठाकर शिक्षा विभाग में शिक्षक की नौकरी हासिल कर ली है, जिससे वास्तविक हकदार अभ्यर्थियों के अधिकारों का हनन हुआ है।
यह भी पढ़े: मतदाता सूची सत्यापन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 20 नवंबर से चलेगा घर-घर विशेष अभियान
2022 की जांच में सामने आई थी गड़बड़ी
हाईकोर्ट में दायर याचिका पर संज्ञान लेते हुए वर्ष 2022 में इन शिक्षकों के दिव्यांगता प्रमाणपत्रों की जांच राज्य मेडिकल बोर्ड के माध्यम से कराई गई थी। विभागीय सूत्रों के अनुसार, उस समय की गई जांच में प्रमाणपत्रों को लेकर फर्जीवाड़े की बात सामने आई थी।
अब नए सिरे से होगी स्वास्थ्य जांच
पुराने जांच तथ्यों और मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इन शिक्षकों के स्वास्थ्य और दिव्यांगता की नए सिरे से विस्तृत जांच कराने का निर्णय लिया गया है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, ऐसे करीब 100 शिक्षकों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें अब मेडिकल बोर्ड के सामने उपस्थित होकर अपनी पात्रता सिद्ध करनी होगी। नोडल अधिकारी की नियुक्ति होते ही मेडिकल जांच की तिथियां और आगे की रूपरेखा तय कर दी जाएगी। इस कार्रवाई के बाद फर्जी प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी पाने वाले शिक्षकों में हड़कंप मचा हुआ है।




