Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 14 से 16 अक्टूबर के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में सीजन के हिमपात (बर्फबारी) की प्रबल संभावना जताई गई है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट आने से राज्य में ठंडक बढ़ने के पूरे आसार हैं।
मैदानी इलाकों में बौछारें, 15 अक्टूबर को गढ़वाल में रहेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार 14 और 15 अक्टूबर को देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल सहित मैदानी जिलों के विभिन्न हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश दर्ज की जा सकती है। विशेष रूप से 15 अक्टूबर को बारिश का सबसे अधिक प्रभाव गढ़वाल मंडल के जिलों में देखने को मिलेगा। वहीं 16 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल के कुछ हिस्सों में तेज बारिश की गतिविधि देखने को मिल सकती है।
15 अक्टूबर को 12 जिलों में येलो अलर्ट, आकाशीय बिजली की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 15 अक्टूबर के लिए मौसम की चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के मुताबिक, उधम सिंह नगर और चंपावत को छोड़कर राज्य के शेष 12 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना को देखते हुए ‘येलो अलर्ट’ घोषित किया गया है।
यह भी पढ़े: उत्तराखण्ड विधानसभा का तृतीय सत्र 27 अक्टूबर से भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में होगा शुरू
विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और गिरने की आशंका है, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है।
प्रशासन और आमजन को सतर्क रहने की सलाह
मौसम में संभावित बदलाव और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए आपदा प्रबंधन तंत्र और स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा कर रहे पर्यटकों, चारधाम तीर्थयात्रियों और स्थानीय नागरिकों को बदलते मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।




