Maverick Jaspal विमोचन: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में प्रसिद्ध निशानेबाज एवं खेल जगत की प्रतिष्ठित हस्ती स्व. श्री जसपाल राणा के परिजनों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जसपाल राणा के प्रेरणादायी जीवन और उपलब्धियों पर केंद्रित पुस्तक ‘Maverick Jaspal: The Man Who Changed Indian Shooting’ का विधिवत विमोचन किया।
मुलाकात के दौरान स्व. जसपाल राणा की पत्नी श्रीमती रीना राणा, पुत्र युवराज राणा और पुत्री देवांशी राणा उपस्थित रहे। परिवारजनों ने मुख्यमंत्री को यह पुस्तक सप्रेम भेंट की।
भारतीय निशानेबाजी को दी नई पहचान: सीएम धामी
पुस्तक विमोचन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जसपाल राणा के खेल योगदान को याद करते हुए उनकी उपलब्धियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल राणा ने अपनी असाधारण प्रतिभा, कड़े अनुशासन, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर भारतीय निशानेबाजी को वैश्विक पटल पर एक नई पहचान दिलाई।
सीएम ने कहा, “उनकी उपलब्धियां देश के युवाओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगी। उनका सफर यह स्पष्ट संदेश देता है कि निरंतर अभ्यास, समर्पण और अटूट आत्मविश्वास के बल पर किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।”
यह भी पढ़े: फूला हाजरी को फूला | कुमाऊनी देवी भजन लिरिक्स | पहाड़ी भजन कीर्तन लिरिक्स
उत्तराखंड का बढ़ाया गौरव
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि निशानेबाजी के क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ने के साथ ही उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड का मान भी बढ़ाया है। उनका जीवन और खेल का सफर युवा एथलीटों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा देता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘Maverick Jaspal: The Man Who Changed Indian Shooting’ पुस्तक पाठकों, विशेषकर उभरते हुए युवा खिलाड़ियों को जसपाल राणा के संघर्षों, अनुभवों और गौरवशाली उपलब्धियों से गहराई से जोड़ेगी। उन्होंने इस सार्थक पुस्तक के प्रकाशन और प्रयास के लिए परिवारजनों को शुभकामनाएं दीं।




