नैनीताल: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर नैनीताल जिला प्रशासन ने 2 सितंबर 2026 (बुधवार) को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
मौसम विभाग ने 1 सितंबर को पूर्वानुमान जारी करते हुए 2 सितंबर के लिए नैनीताल जनपद में “Orange Alert” जारी किया है। इस दौरान जिले के विभिन्न हिस्सों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर होने की प्रबल संभावना जताई गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया फैसला
वर्तमान में जनपद के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के कारण नदी-नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ गया है। संवेदनशील पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) का खतरा भी बना हुआ है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष (जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण) ललित मोहन रयाल ने 2 सितंबर को अवकाश का आदेश जारी किया।
आदेश की मुख्य बातें:
- कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालय बंद: जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त और निजी (प्राइवेट) विद्यालय पूरी तरह बंद रहेंगे।
- स्टाफ को भी राहत: आदेश के तहत विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश रहेगा।
- आंगनबाड़ी केंद्र: जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी 2 सितंबर को अवकाश रहेगा।
- आवासीय विद्यालयों को छूट: यह आदेश नैनीताल शहर के उन आवासीय स्कूलों पर लागू नहीं होगा, जहाँ छात्र-छात्राओं के लिए पढ़ाई और आवास (हॉस्टल) की सुविधा एक ही परिसर में मौजूद है।
यह भी पढ़े : उत्तराखंड में 2 से 7 सितंबर तक मौसम का मिजाज: कई जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली का येलो अलर्ट जारी
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश की अवहेलना करने वाली संस्थाओं के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करें।


