देहरादून: उत्तराखंड में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। आयोग द्वारा तय समयसीमा के तहत दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब राज्य में फाइनल मतदाता सूची जारी करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से आगामी 3 अक्टूबर को प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
8 जून से शुरू हुआ था सघन अभियान
राज्य में मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग ने 8 जून को एसआईआर अभियान की शुरुआत की थी। अभियान के पहले चरण में मतदाताओं को गणना प्रपत्र (enumeration forms) उपलब्ध कराए गए थे। मतदाताओं से यह प्रपत्र भरकर 7 जुलाई तक वापस लिए गए।
दावे और आपत्तियों का हुआ निस्तारण
प्राप्त गणना प्रपत्रों के आधार पर 14 जुलाई को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की थी। इसके साथ ही आम नागरिकों को मतदाता सूची के संबंध में अपने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 14 जुलाई से 13 अगस्त तक का अवसर दिया गया।
यह भी पढ़े: Adi Kailash Yatra 2026: 19 से 26 अक्टूबर तक आम पर्यटकों के लिए इनर लाइन परमिट (ILP) जारी करने पर रोक
दावों की सुनवाई और उनके निस्तारण की विस्तृत प्रक्रिया 14 जुलाई से शुरू होकर 28 सितंबर तक चली। 28 सितंबर को दावे और आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि निर्धारित थी, जिसके पूरा होते ही निर्वाचन कार्यालय ने संबंधित डाटा फ्रीज कर दिया।
फिलहाल निर्वाचन तंत्र अंतिम मतदाता सूची को अंतिम रूप देने में जुटा है, जिसे 3 अक्टूबर को सार्वजनिक कर दिया जाएगा।


