उत्तराखंड भाजपा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड संगठन में बड़ा रणनीतिक बदलाव करते हुए वरिष्ठ नेता राम माधव को राज्य का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही संगठन को मजबूती देने के लिए वरिष्ठ नेता अरविंद मेनन और नई दिल्ली से लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पार्टी के इस निर्णय के साथ ही लंबे समय से उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी की कमान संभाल रहे दुष्यंत कुमार गौतम का कार्यकाल समाप्त हो गया है।
दुष्यंत गौतम की छह साल बाद विदाई
दुष्यंत कुमार गौतम करीब छह वर्षों से उत्तराखंड में प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हालांकि, चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड के दौरान उपजे राजनीतिक विवादों के बाद उनका नाम लगातार चर्चा और विपक्ष के निशाने पर बना रहा था।
हाल ही में घोषित हुई भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में भी दुष्यंत गौतम को जगह नहीं मिली थी। ऐसे में उत्तराखंड के प्रभारी पद से उनकी रवानगी को पार्टी के सांगठनिक पुनर्गठन और राज्य में नई राजनीतिक लाइन तय करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
अनुभवी रणनीतिकारों के हाथ में उत्तराखंड की कमान
नवनियुक्त प्रभारी राम माधव को भाजपा के शीर्ष रणनीतिकारों में गिना जाता है। पूर्वोत्तर राज्यों और जम्मू-कश्मीर में पार्टी के विस्तार तथा गठबंधन निर्माण में वे पहले भी अहम भूमिका निभा चुके हैं। उनकी नियुक्ति से साफ है कि केंद्रीय नेतृत्व उत्तराखंड संगठन में संतुलन और रणनीतिक पकड़ को और मजबूत करना चाहता है।
सह-प्रभारी के रूप में नियुक्त अरविंद मेनन के पास संगठन और ज़मीनी चुनाव प्रबंधन का लंबा अनुभव है, जबकि युवा सांसद बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी बनाकर पार्टी ने संगठन में युवा ऊर्जा और प्रखर नेतृत्व का समावेश किया है। यह नई त्रिमूर्ति आने वाले समय में उत्तराखंड में पार्टी संगठन को सक्रिय रखने और प्रशासनिक समन्वय को धार देने का काम करेगी।


