Heavy Rain Alert: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर 01 जुलाई 2026 (बुधवार) को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
मौसम विभाग ने जारी किया है ऑरेंज अलर्ट
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून के पत्र और मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 1 जुलाई को बागेश्वर जनपद के अंतर्गत कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। इस संभावित खतरे को देखते हुए विभाग द्वारा ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।
जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
मौसम विभाग की इसी चेतावनी और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत, जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष, अपूर्वा पाण्डे ने 1 जुलाई (बुधवार) को अवकाश का आधिकारिक आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, जनपद के कक्षा 01 से 12 तक के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालय, और सभी आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह से बंद रहेंगे।
उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, बागेश्वर और जिला कार्यक्रम अधिकारी, बागेश्वर को निर्देशित किया है कि वे अपने स्तर से इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि किसी भी विद्यालय या संस्थान द्वारा इस आदेश का विचलन (उल्लंघन) किया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़े: Uttarakhand Weather Update: अगले 2 दिनों में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना, भारी बारिश का अलर्ट
प्रशासन ने सभी अभिभावकों से भी अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान बच्चों को घरों में ही सुरक्षित रखें और नदी-नालों से दूर रहें।

