Uttarakhand Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 29 जून 2026 को उत्तराखंड के लिए अगले 7 दिनों का मौसम पूर्वानुमान और 5 दिनों के लिए जिलेवार मौसम चेतावनी जारी की है।
मानसून और तापमान से जुड़ी राहत:
- मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 2 दिनों के दौरान उत्तराखंड के कुछ और भागों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
- गर्मी से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि अगले 3 से 4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 4° से 6° सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
- गौरतलब है कि पिछले 24 घंटों में मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा था, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में यह सामान्य था।
बारिश का पूर्वानुमान:
- 29 जून से 5 जुलाई 2026 तक राज्य के कई और अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
यह भी पढ़े: हल्द्वानी में प्रशासन सख्त, सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर 5 और कोचिंग सेंटर सील
5 दिनों की मौसम चेतावनी (Weather Warning):
मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए खराब मौसम को लेकर चेतावनी भी जारी की है:
- 30 जून 2026: देहरादून, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर, पौड़ी और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के सभी पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, बारिश के अति तीव्र दौर होने और 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
- 1 और 2 जुलाई 2026 (भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट): मौसम का मिजाज और अधिक उग्र हो सकता है। 1 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर में, तथा 2 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं “भारी से बहुत भारी वर्षा” होने की प्रबल संभावना है। इन दो दिनों में पर्वतीय जनपदों में बारिश के “अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर” और तेज झोंकेदार हवाओं के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
- 3 जुलाई 2026: नैनीताल, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश और सभी पर्वतीय जनपदों में गरज के साथ बिजली चमकने और बारिश के तेज दौर की संभावना बनी रहेगी।
प्रशासन और मौसम विभाग ने सलाह दी है कि तेज बारिश, आकाशीय बिजली और झोंकेदार हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटा) के दौरान लोग सतर्क रहें। पहाड़ों पर यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
