UTET 2026: उत्तराखंड में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं और वर्तमान में सेवाएं दे रहे शिक्षकों के लिए एक अहम खबर है। प्रदेश में उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (UTET) की प्रक्रिया अगले महीने से शुरू होने जा रही है। शासन की ओर से इस संबंध में आवश्यक शासनादेश जारी कर दिया गया है।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी के अनुसार, अगले महीने से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद सितंबर 2026 में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट का निर्देश और शिक्षकों के लिए डेडलाइन
हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम फैसला सुनाते हुए कक्षा एक से आठवीं तक पढ़ाने वाले सभी शिक्षकों के लिए टीईटी (TET) को अनिवार्य कर दिया है।
- नौकरी और प्रमोशन की शर्त: इस आदेश के तहत, वर्तमान में सेवारत शिक्षकों को अपनी नौकरी में बने रहने और भविष्य में पदोन्नति (प्रमोशन) प्राप्त करने के लिए 31 अगस्त 2028 तक टीईटी पास करना अनिवार्य होगा।
- इसी अनिवार्यता को ध्यान में रखते हुए, राज्य सरकार ने इस बार यूटीईटी में सेवारत शिक्षकों को भी शामिल होने की विशेष अनुमति प्रदान की है।
इन अभ्यर्थियों को भी मिली बड़ी राहत
लंबे समय से यूटीईटी आयोजित कराने की मांग कर रहे युवाओं के लिए भी यह एक सकारात्मक कदम है। नए शासनादेश के लागू होने के बाद, अब निम्नलिखित कोर्स कर चुके अभ्यर्थी भी इस परीक्षा के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे:
- डीएलएड (D.El.Ed)
- बीएलएड (B.El.Ed)
- डीएड विशेष शिक्षा (D.Ed Special Education)
शासन से हरी झंडी मिलने के बाद अब बोर्ड जल्द ही आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करेगा। इसके बाद इच्छुक अभ्यर्थी और सेवारत शिक्षक यूटीईटी के लिए अपना आवेदन जमा कर सकेंगे।
