ऊधम सिंह नगर: उत्तराखंड में इन दिनों कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है। विशेषकर मैदानी इलाकों में घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए, ऊधम सिंह नगर जिला प्रशासन ने स्कूली छात्रों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
DM ने जारी किया आदेश ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी एवं जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष नितिन सिंह भदौरिया ने आदेश जारी करते हुए जिले के सभी विद्यालयों में 29 दिसंबर 2025 (सोमवार) को अवकाश घोषित किया है।
यह आदेश जिले के सभी:
- शासकीय एवं अर्द्धशासकीय विद्यालय
- सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय
- निजी विद्यालय (प्राइवेट स्कूल)
- आंगनबाड़ी केंद्र
पर लागू होगा। अवकाश कक्षा 12वीं तक के सभी छात्र-छात्राओं के लिए मान्य होगा।
यह भी पढ़े: इंद्रमणि बडोनी का जीवन परिचय | Indramani badoni biography updated 2025
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद लिया गया फैसला जिलाधिकारी ने यह निर्णय भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के आधार पर लिया है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 29 दिसंबर की सुबह जनपद में मध्यम से लेकर घने कोहरे (Dense Fog) की प्रबल संभावना है।
प्रशासन का कहना है कि अत्यधिक ठंड और कोहरे के बीच स्कूल जाने से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी को देखते हुए एहतियातन सोमवार को स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया गया है।
पूरे प्रदेश में ठंड का अलर्ट गौरतलब है कि उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में कोहरे के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की आशंका जताई है, जिसके चलते प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
