Home समाचार विशेष मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेलों के साइकिलिंग पदक विजेताओं को...

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेलों के साइकिलिंग पदक विजेताओं को किया सम्मानित

0
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेलों के साइकिलिंग पदक विजेताओं को किया सम्मानित

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रुद्रपुर स्थित मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत शिवालिक वेलोड्रोम में साइकिलिंग पदक विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उनके अद्भुत प्रदर्शन की सराहना की। मुख्यमंत्री ने पुरुष टीम परस्यूट डिस्टेंस 4000 मीटर प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड, रजत पदक विजेता पंजाब और कांस्य पदक विजेता राजस्थान के खिलाड़ियों को मेडल के साथ पहाड़ी टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के साथ संवाद किया और उनके साथ ट्रैक पर साइकिलिंग भी की।

मुख्यमंत्री ने दर्शक दीर्घा से साइकिलिंग प्रतियोगिता का आनंद लेते हुए आयोजन के लिए खिलाड़ियों और आयोजकों की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ भोजन कर उनकी सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली, जिस पर खिलाड़ियों ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, “28 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून से 38वें राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ किया। इन खेलों ने पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल बना दिया है। लगभग 20,000 लोगों ने इन खेलों के आयोजन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से योगदान दिया है।” उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अब तक विभिन्न प्रतियोगिताओं में 30 से अधिक पदक जीते हैं, जो राज्य के लिए गर्व का क्षण है।

इसके बाद मुख्यमंत्री धामी ने 46वीं वाहिनी पीएसी में आयोजित शॉटगन और स्कीट प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने फीता काटकर और पूजा-अर्चना कर इस प्रतियोगिता की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने शॉटगन से टैप शूटिंग करते हुए अपने निशानेबाजी कौशल का प्रदर्शन किया और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, दर्जामंत्री अनिल कपूर डब्बू, नवनिर्वाचित मेयर विकास शर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इसके अलावा, साइकिलिंग एसोसिएशन के महासचिव देवेश पांडे और कई अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ो : फूलदेई त्यौहार 2025 मनाया जायेगा 14 मार्च 2025 को।

38वें राष्ट्रीय खेलों की सफल आयोजन प्रक्रिया और खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रेरित करेगा।

Exit mobile version