Uttarakhand Board Examinations 2027: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की आगामी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं (2027) की तैयारियां तेज हो गई हैं। परिषद की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, बोर्ड परीक्षाएं फरवरी माह के दूसरे सप्ताह से शुरू हो जाएंगी। परीक्षाओं को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे प्रदेश में कुल 1270 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में आयोजित उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक में इन परीक्षा केंद्रों के निर्धारण पर अंतिम मुहर लगाई गई। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए निर्धारित कुल 1270 केंद्रों में से 49 को एकल (सिंगल) केंद्र और 1221 को मिश्रित (मिक्स्ड) केंद्र बनाया गया है। परीक्षार्थियों की सुविधा और सुगम संचालन को ध्यान में रखते हुए इस बार पिछले वर्ष (2026) की तुलना में 9 अतिरिक्त परीक्षा केंद्र बढ़ाए गए हैं।
संवेदनशील केंद्रों पर रहेगी पैनी नजर
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने का फैसला किया है। परिषद ने कुल केंद्रों में से 146 केंद्रों को ‘संवेदनशील’ और 5 केंद्रों को ‘अति संवेदनशील’ श्रेणी में चिह्नित किया है। निदेशालय की बैठक में यह स्पष्ट रूप से तय किया गया कि इन संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की गुंजाइश न रहे।




