देहरादून: उत्तराखण्ड विधानसभा के आगामी सत्र को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश के माननीय राज्यपाल ने उत्तराखण्ड की पंचम विधानसभा को वर्ष 2026 के तृतीय सत्र के लिए आहूत कर दिया है। यह सत्र मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से जनपद चमोली स्थित ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के विधान सभा भवन, भराड़ीसैंण में आयोजित किया जाएगा।
विधान सभा सचिवालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट के अनुसार, राज्यपाल महोदय की संस्तुति के बाद सत्र की तिथियां औपचारिक रूप से घोषित कर दी गई हैं। इस संबंध में विधान सभा सचिवालय (संसदीय अनुभाग) की ओर से उप सचिव (लेखा) हेम चन्द्र पन्त द्वारा अधिसूचना व प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है।
गैरसैंण में जुटेगा सियासी जमावड़ा
सत्र का आयोजन चमोली जनपद के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में होने से एक बार फिर गैरसैंण में राज्य की प्रशासनिक व विधायी गतिविधियों की हलचल तेज होगी। तृतीय सत्र के दौरान प्रदेश के जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विधेयकों, वित्तीय कार्यों और ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
यह भी पढ़े: लाल रंग की साड़ी मां भजन लिरिक्स | खुशी जोशी का पहाड़ी माता भजन | 2026 का वायरल पहाड़ी भजन
सत्र की घोषणा होते ही शासन और स्थानीय प्रशासन ने भराड़ीसैंण में आवश्यक व्यवस्थाओं व तैयारियों की रूपरेखा तैयार करना शुरू कर दिया है।





