Uttarakhand Weather Alert: मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तराखंड के लिए 23 जनवरी को मौसम को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। जारी किए गए पूर्वानुमान मानचित्र के अनुसार, प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश की प्रबल संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में भी मौसम खराब रहने के आसार हैं।
इन 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट (खतरा/तैयारी रखें) मौसम विभाग ने 23 जनवरी के लिए राज्य के उच्च हिमालयी जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। मैप के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी दी गई है। इन क्षेत्रों में रह रहे लोगों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने और आवश्यक तैयारी रखने की सलाह दी गई है।
मैदानी और अन्य जिलों में येलो अलर्ट (सतर्क रहें) इसके अतिरिक्त, राज्य के शेष जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। इसमें देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर शामिल हैं। इन इलाकों में गर्जन के साथ बारिश, आकाशीय बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़े: Basant Panchami in Uttarakhand 2026 | जौ त्यार के रूप में मनाई जाती है उत्तराखंड में बसंत पंचमी
प्रशासन की अपील मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहाँ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ठंड और बर्फबारी से निपटने के लिए गर्म कपड़े साथ रखें और मौसम विभाग की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।
23 जनवरी के बाद, 24 जनवरी को मौसम में आंशिक सुधार की उम्मीद है, जहाँ केवल ग्रीन अलर्ट (कोई चेतावनी नहीं) दर्शाया गया है।
