हरिद्वार। उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। मौसम विभाग द्वारा जारी ‘ऑरेंज अलर्ट’ और जनपद में घने कोहरे की चेतावनी को देखते हुए हरिद्वार के जिलाधिकारी (DM) मयूर दीक्षित ने छात्रों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के आदेशानुसार, कल 16 जनवरी 2026 को जनपद के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
इन पर लागू होगा आदेश
प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, यह छुट्टी जनपद के समस्त:
- शासकीय एवं अर्द्ध-शासकीय विद्यालय
- सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी स्कूल (नर्सरी से कक्षा 12 तक)
- समस्त आंगनबाड़ी केंद्र
ऑनलाइन पढ़ाई और परीक्षाओं पर निर्देश
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालय प्रबंधन छात्रहित को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन कर सकते हैं। इसके अलावा, बोर्ड परीक्षाओं से जुड़ी प्रयोगात्मक परीक्षा (Practical Exams) और प्री-बोर्ड परीक्षाएं अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। उनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 16 जनवरी को हरिद्वार में ‘घना से बहुत घना कोहरा’ छाए रहने की संभावना है। साथ ही कुछ स्थानों पर शीतलहर और ‘शीत दिवस’ (Cold Day) जैसी स्थितियां बन सकती हैं। इसी गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों को इस हाड़ कंपाने वाली ठंड से बचाने के लिए यह कदम उठाया है।
यह भी पढ़े: शीतलहर का कहर: स्कूलों में 15 से 17 जनवरी तक अवकाश घोषित
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और तहसील स्तर पर इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में चेतावनी दी गई है कि यदि कोई भी विद्यालय या आंगनबाड़ी केंद्र इस आदेश की अवहेलना करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

