देहरादून: भारी बारिश और भूस्खलन के कारण बीते कुछ दिनों से रोकी गई चार धाम यात्रा आज से एक बार फिर शुरू हो गई है। मौसम में सुधार और यात्रा मार्गों की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने यह फैसला लिया है।
गढ़वाल मंडल आयुक्त और चार धाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन के अध्यक्ष मनमोहन सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सभी जिलों के अधिकारियों को पंजीकरण और यात्रा फिर से शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्णय मौसम की वर्तमान स्थिति और चार धाम के यात्रा मार्गों पर यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए लिया गया है।
यह भी पढ़े: Uttarakhand Weather Update: 10 सितंबर तक मौसम पूर्वानुमान और चेतावनी
चार धाम यात्रा के अंतर्गत आने वाले प्रमुख तीर्थ स्थल, जैसे बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री तक जाने वाले यात्रियों के लिए अब मार्ग फिर से खुल गए हैं। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की जानकारी लेते रहें और सावधानी बरतें।
यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस, परिवहन विभाग और पर्यटन विभाग सहित विभिन्न एजेंसियाँ मिलकर काम कर रही हैं। यह उम्मीद जताई जा रही है कि यात्रा फिर से शुरू होने से तीर्थयात्रियों और पर्यटन से जुड़े लोगों को राहत मिलेगी।